पाटन के अमलेश्वरडीह में भव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ सामूहिक आदर्श विवाह एवं भक्त माता कर्मा-जयंती महोत्सव..

पाटन, 19 अप्रैल। तहसील साहू संघ पाटन द्वारा आयोजित दो दिवसीय सामूहिक आदर्श विवाह एवं तहसील स्तरीय भक्त माता कर्मा जयंती तथा भामाशाह जयंती महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को पाटन के ग्राम अमलेश्वरडीह में भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस कलश यात्रा में 1009 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर देवी-देवताओं का आह्वान करते हुए गांव की परिक्रमा की।

कलश यात्रा की अगुवाई तहसील कमलेश्वरी साहू ने की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व केबिनेट मंत्री रमशीला साहू थीं। अध्यक्षता प्रदेश साहू संघ की उपाध्यक्ष चंद्रिका साहू ने की। विशेष अतिथि के रूप में देवीश्री साहू, दिव्या कलिहारी, मालती साहू व दामिनी साहू मौजूद रहीं।

मौके पर मुख्य अतिथि रमशीला साहू ने कहा, “भगवान ने महिलाओं को सबसे ज्यादा सहनशील बनाया है। माता कर्मा का जीवन त्याग, तपस्या और भक्ति से परिपूर्ण था। उनके आदर्श आज भी समाज को दिशा दे रहे हैं।

सीएम साय,पूर्व मुख्यमंत्री बघेल,डिप्टी सीएम अरुण साव,सांसद बघेल की मौजूदगी में होगा आदर्श विवाह

तहसील अध्यक्ष दिनेश साहू ने बताया कि 20 अप्रैल रविवार सुबह 10 बजे 1009 दीपकों के साथ भगवान कृष्ण-कर्मा की महाआरती होगी। दोपहर 12 बजे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू तथा अन्य अतिथियों की उपस्थिति में कर्मा महोत्सव का प्रथम सत्र आयोजित होगा।

सामूहिक आदर्श विवाह में 24 जोड़ों का विवाह श्रीराम साहेब द्वारा सम्पन्न करवाया जाएगा। इस शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे, साथ ही उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद विजय बघेल, एवं कई गणमान्य अतिथि वधुओं को आशीर्वाद देने उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में समाजजन जुटे हैं, जिससे पाटन क्षेत्र में उत्सव का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *