
जामगांव आर। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम विद्यालय जामगांव आर में सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद (स्टूडेंट काउंसिल) का भव्य गठन एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह के दौरान प्राचार्य कविता साहू ने नवगठित छात्र परिषद के चयनित छात्र-छात्राओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा जिम्मेदारी के प्रतीक स्वरूप बैच लगाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही छात्र परिषद, कक्षा नायक-नायिका एवं इको क्लब के सदस्यों को भी उनके दायित्व के अनुरूप बैच पहनाकर सम्मानित किया गया।
प्राचार्य श्रीमती साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र परिषद का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, दायित्वबोध और निर्णय लेने की क्षमता का विकास करना है। उन्होंने नवचयनित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विद्यालय की गरिमा बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम की प्रभारी विनीता सुधीर एवं हिन्दी माध्यम की प्रभारी अनामिका साहू विशेष रूप से उपस्थित रहीं। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी समारोह में सहभागिता की और नवगठित छात्र परिषद के सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। समारोह को सफल बनाने में चेतना ठाकुर, सरजू राम ठाकुर, ललिता देवांगन, संगीता तिवारी, टी.पी. बंजारे, दीपिका मारकंडे, निलक्षी मुखोपाध्याय, केवंती सही, अंजली मोर्या, दीप्ति प्रधान, नीलकंठ धीवर एवं संगीता निषाद की सक्रिय सहभागिता रही कार्यक्रम का समापन राज्य गीत के साथ हुआ।