पाटन। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधायक भूपेश बघेल सोमवार को नगर पंचायत पाटन अंतर्गत स्थित विभिन्न देवी मंदिरों में दर्शन करने पहुँचे। उन्होंने माता जगत जननी के चरणों में शीश नवाकर प्रदेशवासियों तथा नगर की सुख-समृद्धि, सौहार्द और खुशहाली की प्रार्थना की। भूपेश बघेल ने मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना कर माता से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि माँ शक्ति की कृपा और जनता के आशीर्वाद से ही प्रदेश की प्रगति और पाटन की पहचान और भी सशक्त हुई है। श्री बघेल कौही के माँ काली मंदिर एवं सोनपूर में ज्वाला माई के दर्शन भी किये ।
गौरतलब है कि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान पाटन क्षेत्र के कई प्राचीन मंदिरों का जीर्णोद्धार और नव-निर्माण हुआ। इन मंदिरों की भव्यता आज न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनी है, बल्कि सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण का अनुपम उदाहरण भी प्रस्तुत कर रही है। अलौकिक आभा से परिपूर्ण ये मंदिर दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी आकर्षण का केंद्र हैं। मंदिर दर्शन के दौरान स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने भी भूपेश बघेल का आत्मीय स्वागत किया। लोगों ने क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण की दिशा में उनके योगदान को याद करते हुए आभार प्रकट किया।