कोरबा। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोरबा जिले के हरदी बाजार का दौरा किया और उन ग्रामीणों से मुलाकात की, जिनकी भूमि कोयला खदान के लिए अधिग्रहित की जानी है। ग्रामीणों ने अपनी व्यथा साझा करते हुए स्पष्ट कहा कि भूमि अधिग्रहण से पहले उन्हें उचित मुआवजा और रोजगार की गारंटी मिलनी चाहिए।।इस दौरान पूर्व विधायक बोधराम कंवर समेत प्रभावित ग्रामीणों ने समस्याएँ रखीं। भूपेश बघेल ने कहा कि बिना मुआवजा और नौकरी के अधिग्रहण न तो न्यायसंगत होगा और न ही ग्रामीणों की सहमति संभव है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
हरदी बाजार आगमन पर ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने भूपेश बघेल का भव्य स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व खनिज विकास निगम बोर्ड के अध्यक्ष गिरीश देवांगन और पादप बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष आलोक चंद्राकर भी मौजूद रहे। कोरबा लोकसभा युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्याम नारायण सोनी के नेतृत्व में कॉलेज चौक पर एनएसयूआई और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ पूर्व मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस मौके पर राष्ट्रीय सोशल मीडिया समन्वयक अभय तिवारी, एनएसयूआई ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनमोहन राठौर, शहर जिला अध्यक्ष दीपक कुमार वर्मा, दीपचंद केसरवानी, रवि कुमार सोनी, प्रदेश युवा कांग्रेस महामंत्री शहजाद आलम सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। श्री बघेल ने भू-विस्थापितों को आश्वासन दिया कि उनकी लड़ाई को पूरी मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।