डीएपी-बीज संकट की हकीकत जानने कल पाटन क्षेत्र के सहकारी समितियों के दौरे पर आएंगे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

डीएपी-बीज संकट की हकीकत जानने कल पाटन क्षेत्र के सहकारी समितियों के दौरे पर आएंगे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

पाटन क्षेत्र की कई सेवा सहकारी समितियों का करेंगे निरीक्षण, किसानों की समस्याओं से होंगे रूबरू
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित कांग्रेस पदाधिकारी रहेंगे मौजूद

पाटन। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार, 6 जून 2026 को दुर्ग जिले के पाटन क्षेत्र की विभिन्न सेवा सहकारी समितियों का दौरा करेंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार वे क्षेत्र की कई समितियों में पहुंचकर किसानों को खाद-बीज उपलब्धता की स्थिति का जायजा लेंगे तथा उनसे सीधे संवाद करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के तहत पूर्व मुख्यमंत्री सोमनि, ओंधी, जामगांव (एम), तर्रा, फुंडा,, जामगांव (आर), पाटन तथा झीट सेवा सहकारी समितियों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे समितियों में डीएपी खाद एवं बीज की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था तथा किसानों को आ रही समस्याओं की जानकारी लेंगे।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार प्रदेश के कई क्षेत्रों में किसानों द्वारा डीएपी खाद और बीज की कमी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल स्वयं क्षेत्र का दौरा कर वास्तविक स्थिति का अवलोकन करेंगे और किसानों की परेशानियों से अवगत होंगे। दौरे के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहेंगे। किसानों की समस्याओं और सहकारी समितियों की स्थिति को लेकर प्राप्त फीडबैक के आधार पर आगे की रणनीति तैयार किए जाने की संभावना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत भूपेश बघेल दोपहर बाद पाटन स्थित स्वर्गीय पंकज पाण्डेय के निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे तथा इसके पश्चात अन्य निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *