ऑपरेशन सिंदूर’ और पीएम मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले पूर्व विधायक अरुण तिवारी रतनपुर स्थित अपने फार्म हाउस में छिपे थे,पुलिस ने गिरफ्तार किया , कोर्ट ने भेजा जेल

बिलासपुर– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनकी मां और पत्नी को लेकर सोशल मीडिया पर अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में कांग्रेस के पूर्व विधायक अरुण तिवारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विवादित टिप्पणियों के बाद उनके खिलाफ रणजीत यादव की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस को सूचना मिली कि अरुण तिवारी रतनपुर स्थित अपने फार्म हाउस में छिपे हुए हैं। इसके बाद एक विशेष पुलिस टीम ने वहां दबिश दी और उन्हें हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने लाया गया। कानूनी कार्रवाई के बाद तिवारी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अरुण तिवारी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनकी पत्नी और मां के खिलाफ अपमानजनक व भड़काऊ टिप्पणियां कर रहे थे। उन्होंने खुलेआम यह भी कहा था कि उन्हें किसी कानून या व्यक्ति से डर नहीं है।

गौरतलब है कि अरुण तिवारी पूर्व में सीपत विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक रह चुके हैं, लेकिन विवादित बयानों और अनुशासनहीनता के चलते उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। इससे पहले भी वे कई बार विवादित टिप्पणियों और बयानों के चलते राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चा का विषय बन चुके हैं।

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने गिरफ्तारी को कानून का सम्मान बताया है, वहीं कांग्रेस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *