
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कई बड़े ऐलान किए। रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री ने अग्निवीरों को पुलिस भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने, प्रदेश में 500 करोड़ रुपए के एआई मिशन को मंजूरी देने और कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री के संबोधन में युवाओं, रोजगार, शिक्षा, तकनीक और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने पर खास जोर रहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराने और छत्तीसगढ़ को तकनीक के क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए लगातार काम कर रही है।
अग्निवीरों को पुलिस भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश में अग्निवीरों को पुलिस भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। सरकार के इस फैसले से सैन्य सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों के लिए राज्य पुलिस में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सेवा कर चुके युवाओं के अनुभव और अनुशासन का लाभ राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को भी मिलना चाहिए।
500 करोड़ रुपए का एआई मिशन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में 500 करोड़ रुपए के एआई मिशन को मंजूरी देने की घोषणा की। इसके जरिए प्रदेश में कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़ी तकनीक, नवाचार और युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य एआई के इस्तेमाल को प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और अन्य क्षेत्रों से जोड़कर प्रदेश को तकनीकी रूप से मजबूत बनाना है।
रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव बनेंगी डीएसपी
कॉमनवेल्थ प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव को मुख्यमंत्री ने डीएसपी बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान और बेहतर अवसर देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
17 टुकड़ियों ने किया मार्चपास्ट
रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में कुल 17 टुकड़ियों ने मार्चपास्ट कर मुख्यमंत्री को सलामी दी। परेड में बीएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ और एसएसबी के साथ बिहार पुलिस की टुकड़ी भी शामिल रही। समारोह के दौरान सुरक्षाबलों ने हर्ष फायरिंग की। घुड़सवार दल की प्रस्तुति और हॉर्स शो आकर्षण का केंद्र रहा। महिला बैगपाइपर बैंड और डॉग स्क्वायड ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
स्कूली बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति
स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विकास, एकता और राष्ट्र निर्माण में सभी की भागीदारी का आह्वान किया।
प्रदेशभर में उत्साह के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
रायपुर के अलावा प्रदेश के सभी जिलों में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए। दुर्ग में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, जगदलपुर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, रायगढ़ में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, अंबिकापुर में कृषि मंत्री रामविचार नेताम और बिलासपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण किया। दुर्ग में पहली बार छत्तीसगढ़ पुलिस का पाइप बैंड परेड में शामिल हुआ। रायपुर के मरीन ड्राइव में 82 मीटर ऊंचे पोल पर तिरंगा फहराया गया। वहीं विभिन्न जिलों में पुलिसकर्मियों, अधिकारियों और उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।