जामगांव आर। गायत्री शक्तिपीठ आमालोरी ट्रस्ट मण्डल के पदाधिकारियों ने दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल से सौजन्य मुलाकात कर शक्तिपीठ परिसर के विकास संबंधी विषयों पर चर्चा की। बैठक में गायत्री परिवार के आगामी धार्मिक और सामाजिक आयोजनों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई, जिसमें अखंड ज्योति तथा माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी वर्ष पर आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रमों की जानकारी साझा की गई। इस अवसर पर शक्तिपीठ के प्रमुख ट्रस्टी अरुण वर्मा ने सांसद के समक्ष शक्तिपीठ परिसर में भोजनालय शेड निर्माण की आवश्यकता रखी। सांसद विजय बघेल ने इस प्रस्ताव को सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का भरोसा दिया।
शक्तिपीठ के समन्वयक अशोक सिंह ने बताया कि आगामी 24 अक्टूबर को दीपावली मिलन समारोह के दौरान सांसद विजय बघेल की उपस्थिति में भोजनालय शेड का शिलान्यास किया जाएगा। इस मौके पर ट्रस्ट के वरिष्ठ व्यवस्थापक कौशल आडील, सियाराम चंद्राकर एवं मनीष चंद्राकर भी उपस्थित रहे। गायत्री परिवार के पदाधिकारियों ने सांसद बघेल के सहयोग और संवेदनशीलता के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कहा कि इस विकासात्मक पहल से श्रद्धालुओं और सामाजिक आयोजनों को बेहतर सुविधा मिलेगी।