महासमुंद में कार से 9 करोड़ के सोने के जेवरात जब्त,3 युवक हिरासत में-बिना बिल और दस्तावेज के ले जाया जा रहा था करोड़ों का जेवर, बड़े नेटवर्क की जांच शुरू

महासमुंद में कार से 9 करोड़ के सोने के जेवरात जब्त,3 युवक हिरासत में-बिना बिल और दस्तावेज के ले जाया जा रहा था करोड़ों का जेवर, बड़े नेटवर्क की जांच शुरू

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंघोड़ा थाना पुलिस ने एक संदिग्ध कार से करीब 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार रुपये कीमत के सोने के जेवरात बरामद किए हैं। मामले में गुजरात के तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जानकारी के मुताबिक पुलिस को दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों के जरिए नशे और अवैध सामान की तस्करी की शिकायत मिल रही थी। इसके बाद सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में जांच प्वाइंट लगाकर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। इसी दौरान गुजरात नंबर की कार (GJ 03 NP 4230) को रोककर तलाशी ली गई।

जांच के दौरान पुलिस को कार में बनाए गए गुप्त चेंबर से एक पिट्ठू बैग मिला। बैग खोलने पर उसमें भारी मात्रा में सोने के जेवरात बरामद हुए। पुलिस के अनुसार जब्त सोने का कुल वजन 7 किलो 512 ग्राम है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में कार सवार युवकों ने खुद को गुजरात के राजकोट का निवासी बताया और कहा कि वे सोने के जेवर बेचने आए थे। हालांकि वे जेवरात से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या बिल पेश नहीं कर सके। फिलहाल पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में सोना कहां ले जाया जा रहा था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय तो नहीं है। मामले की जानकारी आयकर विभाग समेत अन्य जांच एजेंसियों को भी दी जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *