इजराइल में नौकरी का सुनहरा मौका: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए 3500 पदों पर भर्ती, युद्ध के बीच जिला प्रशासन ने जारी की गाइडलाइन

इजराइल में नौकरी का सुनहरा मौका: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए 3500 पदों पर भर्ती, युद्ध के बीच जिला प्रशासन ने जारी की गाइडलाइन

दुर्ग/रायपुर। इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव और युद्ध की स्थिति के बीच छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए इजराइल में रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। दुर्ग जिला प्रशासन ने नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एनएसडीसी) के माध्यम से ‘होम बेस्ड केयर गिवर’ के 3500 पदों पर भर्ती के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह भर्ती भारत-इजराइल फ्रेमवर्क एग्रीमेंट के तहत की जा रही है, जिसमें चयनित उम्मीदवारों को लगभग 1.99 लाख रुपये प्रतिमाह तक का वेतन मिलेगा। जिला प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन करना होगा। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी, जिसमें दस्तावेज सत्यापन, स्वास्थ्य परीक्षण और पुलिस क्लीयरेंस के बाद इजराइल के नियोक्ता द्वारा ऑनलाइन इंटरव्यू लिया जाएगा। अंतिम चयन इसी इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।

भर्ती के लिए उम्मीदवार के पास भारतीय नियामक प्राधिकरण से मान्यता प्राप्त 990 घंटे का ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (OJT) सहित केयर गिविंग प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। इसके अलावा जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, फिजियोथेरेपी या नर्स असिस्टेंट में से किसी एक का प्रमाणपत्र भी आवश्यक होगा। जिला रोजगार कार्यालय के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को प्रारंभिक रूप से लगभग दो लाख रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। चिकित्सा बीमा, आवास और भोजन संबंधी कटौतियों के बाद कर्मचारियों को करीब 1,99,770 रुपये प्रतिमाह शुद्ध वेतन मिलेगा। नियुक्ति शुरुआती तौर पर दो वर्ष के अनुबंध पर होगी, जिसे आवश्यकता अनुसार आगे बढ़ाया जा सकता है।

जिला प्रशासन ने बताया कि चयनित कर्मचारियों को आवास, भोजन, चिकित्सा बीमा, 9 राष्ट्रीय अवकाश, 16 वार्षिक अवकाश तथा सप्ताह में छह दिन कार्य की सुविधा मिलेगी। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। न्यूनतम 10वीं पास होने के साथ इंटरमीडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय होना जरूरी है तथा कम से कम तीन वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट होना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ हो, उसकी लंबाई 1.5 मीटर से अधिक और वजन 45 किलोग्राम से अधिक होना चाहिए। साथ ही, जिसने पहले इजराइल में कार्य किया हो, वह इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होगा। हालांकि इजराइल और ईरान के बीच जारी सैन्य तनाव के बीच इस भर्ती को लेकर चर्चा तेज हो गई है। ऐसे समय में जिला प्रशासन द्वारा युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने की पहल को लेकर लोगों में उत्सुकता के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन ने पात्र युवाओं से निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *