
जामगांव आर। छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध लोककलाकार एवं संगीत सम्राट स्वर्गीय खुमान साव की पुण्यतिथि पर आज मंगलवार शाम ग्राम किकिरमेटा (बेलहरी) लोकसंगीत और संस्कृति के रंग में सराबोर होने जा रहा है। शाम 6 बजे से आयोजित होने वाले भव्य “सुरता खुमान साव एवं सम्मान समारोह” में प्रदेशभर के लोक कलाकार, संगीत साधक, समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। स्व. खुमान साव संगीत सेवा समिति भिलाई एवं ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में खुमान साव की स्मृतियों को नमन करते हुए लोकसंगीत और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों और समाजसेवियों को खुमान साव संगीत सम्मान, खुमान संगीत साधक सम्मान, खुमान संगीत स्मृति सम्मान, स्व. लता खापड़े स्मृति सम्मान, स्व. सफीन दास मानिकपुरी स्मृति सम्मान तथा सामाजिक समरसता सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
समारोह के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल होंगे, जबकि अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति कल्पना नारद साहू करेंगी। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पुष्पा साहू कृत लोक कलामंच नवा किसान, रामनगर भिलाई द्वारा प्रस्तुत खुमान संगीत की रंगारंग सांस्कृतिक संध्या होगी, जिसमें लोकगीत, भजन एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्व. खुमान साव को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। समारोह के संयोजक सुरेन्द्र साहू (शंकर) ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने तथा छत्तीसगढ़ की लोककला और लोकसंगीत की इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने की अपील की है। आज शाम किकिरमेटा में लोकसंगीत प्रेमियों का विशेष जमावड़ा देखने को मिलने की संभावना है