
राजिम। गरियाबंद जिले के राजिम क्षेत्र में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान प्रोटोकॉल उल्लंघन का मामला सामने आने के बाद पंचायत सचिव पर बड़ी कार्रवाई की गई है। ग्राम पंचायत कोसमखूंटा के पंचायत सचिव कोमल राम साहू को जिला पंचायत प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर ने आदेश जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत पोखरा में सुशासन तिहार कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री Dayal Das Baghel, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान पंचायत सचिव कोमल राम साहू मंच संचालन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
बताया जा रहा है कि मंच संचालन और अतिथियों के संबोधन के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। इसी बात को लेकर कार्यक्रम में मौजूद प्रभारी मंत्री नाराज हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंत्री ने मंच से ही अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए पंचायत सचिव को मंच संचालन से हटाने के निर्देश दिए। घटना का वीडियो और खबर सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। जिला पंचायत प्रशासन द्वारा पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की गई, जिसमें प्रोटोकॉल संबंधी लापरवाही की पुष्टि होने पर कार्रवाई की गई।
जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि शासकीय कार्यक्रमों में प्रोटोकॉल का पालन अनिवार्य है और किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। निलंबन अवधि के दौरान पंचायत सचिव का मुख्यालय जनपद पंचायत कार्यालय निर्धारित किया गया है।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। अधिकारियों और कर्मचारियों को सरकारी कार्यक्रमों में नियमों और प्रोटोकॉल के पालन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए जा रहे हैं। गौरतलब है कि प्रदेशभर में चल रहे सुशासन तिहार कार्यक्रम के जरिए सरकार गांव-गांव पहुंचकर योजनाओं की जानकारी और जनसमस्याओं के समाधान का प्रयास कर रही है। ऐसे आयोजनों में मंत्री, विधायक और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी के चलते मंच संचालन और प्रोटोकॉल व्यवस्था को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।