
रायपुर में ऑनलाइन रिश्ते की आड़ में बड़ी ठगी, चिकन में नशा मिलाकर वारदात को दिया अंजाम, पुलिस जांच में जुटी
रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन मैट्रिमोनियल ऐप के जरिए ठगी और चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी का झांसा देकर एक युवक ने युवती का भरोसा जीता, फिर उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और घर से लाखों के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गया। मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता की पहचान एक ऑनलाइन मैट्रिमोनियल एप्लीकेशन के जरिए युवक से हुई थी। युवक ने खुद को “अभिनव सिंह” बताते हुए दिल्ली का निवासी बताया और खुद को अच्छे परिवार से जुड़ा व शिक्षित बताया। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और फोन कॉल व चैटिंग के जरिए युवक ने युवती का विश्वास जीत लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने युवती को शादी का प्रस्ताव दिया था और दोनों के बीच रिश्ते को लेकर गंभीर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान युवक ने रायपुर आकर मिलने की इच्छा जताई। युवती के भरोसे का फायदा उठाते हुए आरोपी रायपुर पहुंच गया और युवती के घर ठहरा। पीड़िता के अनुसार, दोनों ने साथ बैठकर खाना खाया। आरोप है कि युवक ने चिकन में नींद की गोली मिला दी। खाना खाने के कुछ देर बाद युवती बेहोश हो गई। जब उसे होश आया तो आरोपी घर से गायब था। घर की तलाशी लेने पर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी भी गायब मिले।
घटना के बाद युवती ने तत्काल खम्हारडीह थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी, ठगी और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, मैट्रिमोनियल ऐप प्रोफाइल और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका हो सकता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं उसने अन्य लोगों को भी इसी तरह अपना शिकार तो नहीं बनाया।
इस घटना के बाद ऑनलाइन मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म की सुरक्षा और सत्यापन प्रक्रिया पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन रिश्तों में जल्द भरोसा न करें और किसी अनजान व्यक्ति को घर बुलाने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।