घुघुवा(क) में 7 मई को लगेगा ‘सुशासन तिहार’ शिविर, जनपद सभापति प्रणव ने नागरिकों से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की…

घुघुवा(क) में 7 मई को लगेगा ‘सुशासन तिहार’ शिविर, जनपद सभापति प्रणव ने नागरिकों से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की…

पाटन। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से 7 मई को ग्राम घुघुवा (क) में “सुशासन तिहार” शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर लोगों की शिकायतों और मांगों का निराकरण करेंगे। जनपद पंचायत पाटन के सभापति एवं युवा भाजपा नेता प्रणव शर्मा ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए क्षेत्रवासियों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर लाभ लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह शिविर आम जनता के लिए एक सुनहरा अवसर है, जहां वे अपनी समस्याओं और मांगों को सीधे अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।

बताया गया कि इस शिविर के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी और लाभ आमजन तक पहुंचाने, शिकायतों का त्वरित निराकरण करने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। इस आयोजन से पचपेड़ी, खम्हरिया (कु), कोपेडीह, करगा (गभरा), औंधी, सांकरा, उफरा, करसा, नारधी, पाहंदा (अ), झीट, घुघुवा (क), बटंग, घुघुवा (ज), रूही, औरी, अमलीडीह, जमराव, जामगांव (एम), मोतीपुर, महुदा और अमेरी सहित कई ग्राम पंचायतों के नागरिक लाभान्वित होंगे। प्रणव शर्मा ने सभी संबंधित ग्राम पंचायतों के नागरिकों से आग्रह किया है कि वे शिविर में उपस्थित होकर अपनी शिकायतें एवं मांग संबंधी आवेदन प्रस्तुत करें और शासन की इस जनकल्याणकारी पहल का अधिकतम लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *