रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में जनता-जनार्दन की समस्याओं के त्वरित निदान और सीधे संवाद के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी “सुशासन तिहार” का शुभारंभ 8 अप्रैल से होने जा रहा है। इस महाअभियान का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा, जो 31 मई तक चलेगा।
सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हुए जमीनी स्तर पर समस्याओं को समझने और उनका तत्काल समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। इस पहल के तहत राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम, जनसुनवाई, और समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें मंत्रीगण, वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की भावना के साथ जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सुशासन तिहार जनता की अपेक्षाओं को समझने और प्रशासन को और अधिक जवाबदेह एवं संवेदनशील बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पहला चरण 8 अप्रैल से प्रारंभ होकर 30 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें गाँव-गाँव और शहरों में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दूसरा चरण मई के पहले पखवाड़े में विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर केंद्रित रहेगा, जबकि तीसरे चरण में 31 मई तक प्राप्त फीडबैक के आधार पर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
सरकार ने सभी विभागों और जिला प्रशासन को सुशासन तिहार को सफल बनाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इस महाअभियान से प्रदेश के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।