छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था ध्वस्त, सट्टा ऐप और नकली शराब के संरक्षण में सरकार – पीसीसी चीफ दीपक बैज का भाजपा पर बड़ा हमला

रायपुर । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने रविवार को एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कानून व्यवस्था, शिवा सट्टा ऐप, नकली शराब और खाद संकट को लेकर छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा किया। बैज ने कहा कि राज्य में भाजपा की “डबल इंजन” सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है और जनप्रतिनिधियों पर हो रहे हमले उसी असंतोष की गूंज हैं।

“जनप्रतिनिधि असुरक्षित, जनता नाराज़”
बैज ने भाजपा विधायक गुरु खुशवंत सिंह के काफिले पर हुए पथराव का ज़िक्र करते हुए कहा कि “हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वे सुरक्षित रहें, लेकिन यह घटना, और बीते दो दिनों में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू व उपमुख्यमंत्री अरुण साव के काफिलों को ग्रामीणों द्वारा रोके जाने की घटनाएं बताती हैं कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है,उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा खतरे में है और जनता का आक्रोश सरकार की विफलता का सीधा सबूत है।

शिवा सट्टा ऐप पर गंभीर आरोप
प्रेस वार्ता में बैज ने कहा कि महादेव ऐप के बाद अब ‘शिवा सट्टा ऐप’ के जरिए प्रदेश में सट्टेबाजी खुलेआम सरकार के संरक्षण में चल रही है। खैरागढ़ में 20 करोड़ रुपए के सट्टा लेनदेन का मामला सामने आने का दावा करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि “कमीशन आखिर किसकी जेब में जा रहा है? उन्होंने सरकार से पूछा कि महादेव सट्टा ऐप के सरगनाओं को भारत कब लाया जाएगा और उनकी गिरफ्तारी की सच्चाई क्या है। बैज ने कहा कि सटोरियों और सरकार की मिलीभगत से प्रदेश की जनता की मेहनत की कमाई लूटी जा रही है।

“प्रदेश को पिला रहे ज़हर” – नकली शराब का मुद्दा गरमाया
प्रदेश में नकली शराब की बिक्री को लेकर बैज ने मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “जब सरकार ही शराब दुकानें चला रही है, तो नकली शराब की जिम्मेदारी किसकी है?” उन्होंने सरगुजा और अभनपुर जैसे इलाकों में नकली होलोग्राम वाली शराब की घटनाओं का हवाला देते हुए पूछा कि क्या अब इस घोटाले की जांच ED, CBI, इनकम टैक्स या EOW करेगी?

“खाद आखिर है कहां?” – किसानों को लेकर जताई चिंता
खाद संकट को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार किसानों को गुमराह कर रही है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि किस सोसायटी में कितनी खाद उपलब्ध है, इसका विवरण सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा? बैज ने आरोप लगाया कि 11 जुलाई को नैनो खाद को लेकर विज्ञापन जारी हुआ, लेकिन किसानों को खाद नहीं मिली। सरकार झूठे विज्ञापनों से किसानों को भ्रमित कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *