राज्यस्तरीय कुश्ती दंगल में गूंजे दांव-पेच : सांसद विजय बघेल ने किया प्रतिभागी पहलवानों का सम्मान

दुर्ग। महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय कुश्ती दंगल का आयोजन पूरे उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। यह दंगल लगातार 17 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है और यह प्रदेश के पारंपरिक खेलों को सहेजने एवं युवाओं को नशे से दूर रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जाता है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल शामिल हुए। अध्यक्षता दुर्ग जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष शिव सागर सिन्हा ने की। विधायक ललित चंद्राकर, महापौर अलका वाघमर, विशिष्ट अतिथि जगन्नाथ सिंह यादव, संघ के सचिव नागेंद्र शर्मा अधिवक्ता तथा कोषाध्यक्ष तोषानंद शुक्ला अधिवक्ता सहित कई गणमान्य अतिथि मंचासीन रहे।

इस मौके पर सांसद विजय बघेल ने खेलों इंडिया गोल्ड मेडलिस्ट मेन्नु यादव, राम गोपाल यादव, खेलों इंडिया सिल्वर मेडलिस्ट अभिषेक निषाद, लक्ष्मण लाल साहू, भूपेंद्र यादव और अवधेश यादव जैसे प्रदेश के शीर्ष पहलवानों को प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।

दंगल में विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले हुए, जिसमें खिलाड़ियों ने अपनी कुश्ती प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द की झलक देखने को मिली। आयोजन स्थल पर भारी संख्या में खेलप्रेमी दर्शकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने हर मुकाबले का उत्साहपूर्वक आनंद उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *