
भूमि टास्क फोर्स की बैठक में जिलों को सर्वे, भूमि चिन्हांकन और हितग्राहियों की पहचान जल्द पूरी करने के निर्देश
रायपुर, 09 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में भूमि टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र आवासहीन परिवारों को समयबद्ध तरीके से पक्का घर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत आवासीय परियोजनाओं के लिए उपलब्ध भूमि का सर्वेक्षण एवं चिन्हांकन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। साथ ही पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने विशेष रूप से आबादी भूमि पर निवास करने वाले पात्र परिवारों का सत्यापन कर उन्हें आवास उपलब्ध कराने के लिए समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि कोई भी पात्र आवासहीन परिवार योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
बैठक में नगरीय निकायों की वर्तमान एवं भविष्य की आवासीय जरूरतों का आकलन कर दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया, ताकि समय पर हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराया जा सके। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी पात्र हितग्राहियों की पहचान कर आवश्यकतानुसार आवास निर्माण के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव श्रीमती आर. शंगीता, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री भीम सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।