रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर उठ रही आपत्तियों और शिकायतों के समाधान के लिए राज्य सरकार ने खुला और पारदर्शी मंच उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा ने विधानसभा भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि आरक्षक भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और विश्वसनीय तरीके से संपन्न की गई है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की मांग पर भर्ती प्रक्रिया से संबंधित सभी प्राप्तांक सार्वजनिक कर दिए गए हैं। अब कोई भी अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर किसी भी जिले के उम्मीदवारों के प्राप्तांक देख सकता है। इसके लिए विभाग द्वारा क्यूआर कोड भी जारी किए गए हैं, जो सीधे रिजल्ट पोर्टल तक मार्गदर्शन करते हैं।
एक ही अभ्यर्थी के कई स्थानों पर चयन को लेकर उठे सवालों पर उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि खुली प्रतिस्पर्धा के तहत अभ्यर्थियों को विभिन्न जिलों से शारीरिक परीक्षा देने की अनुमति दी गई थी। कई अभ्यर्थियों ने एक से अधिक स्थानों पर शारीरिक परीक्षा उत्तीर्ण की, ऐसे में लिखित परीक्षा के अंकों को उन सभी जिलों में जोड़ा गया जहां वे पात्र थे। हालांकि यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि अंतिम चयन केवल एक ही स्थान पर होगा, जबकि अन्य स्थानों पर प्रतीक्षा सूची के अनुसार चयन किया जाएगा।
19 एवं 20 दिसंबर को एडीजी के समक्ष शिकायतें
शिकायत निवारण के लिए खुला मंच उपलब्ध कराते हुए प्रशासन एवं एडीजी श्री एसआरपी एसपी कल्लूरी ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी की शिकायत है, वे 19 एवं 20 दिसंबर 2025 को पुलिस मुख्यालय रायपुर में साक्ष्यों के साथ उपस्थित होकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इससे पहले 12 से 14 दिसंबर तक जिलों में पुलिस अधीक्षकों द्वारा भी शिकायतें सुनी गई थीं।
21 दिसंबर को उपमुख्यमंत्री से सीधी मुलाकात
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को लेकर जिन युवाओं को अब भी समस्या है, वे 21 दिसंबर 2025 को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में उनसे सीधे मुलाकात कर सकते हैं। जो अभ्यर्थी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सकते, वे अपने संबंधित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी के ठोस आधार सामने आते हैं, तो निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
5,967 पदों के लिए हुई थी भर्ती
एडीजी श्री कल्लूरी ने जानकारी दी कि पुलिस आरक्षक भर्ती के अंतर्गत कुल 5,967 पदों के लिए लगभग 7 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे। परीक्षा परिणाम 9 दिसंबर 2025 को घोषित किए गए। आवेदनों की संख्या अधिक होने के कारण कुछ अभ्यर्थियों में शंकाएं होना स्वाभाविक है, इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने शिकायत निवारण की यह विशेष व्यवस्था की है। उन्होंने दोहराया कि पूरी भर्ती प्रक्रिया नियमों के तहत पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई है, फिर भी प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा और तथ्यों के आधार पर निर्णय लिया जाएगा।