रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री की उप सचिव रहीं सौम्या चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार ईडी ने उन्हें पूछताछ के लिए समन जारी किया था, जिसके बाद मंगलवार को दिनभर पूछताछ की गई। पूछताछ पूर्ण होने के बाद देर शाम उनकी गिरफ्तारी की गई। ईडी की ओर से बताया गया है कि सौम्या चौरसिया को बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि सौम्या चौरसिया फिलहाल जमानत पर थीं और पहले से ही कोयला घोटाले के मामले में आरोपी हैं। अब शराब घोटाले में भी उनकी भूमिका को लेकर जांच एजेंसियों का शिकंजा और कसता नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि शराब घोटाले के संबंध में ईडी ने एसीबी में एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें 2 हजार करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले का उल्लेख किया गया है। ईडी की जांच में सामने आया है कि तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल में आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के तत्कालीन एमडी एपी त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के कथित सिंडिकेट के माध्यम से इस घोटाले को अंजाम दिया गया। सूत्रों के अनुसार मामले में आगे भी कई अहम खुलासे और अन्य गिरफ्तारियां हो सकती हैं।