जामगांव आर। समीपस्थ ग्राम कुम्हली (भैसबोड़) में शनि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर भव्य भंडारा एवं मंडई मेला का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन मंगलवार, 27 जनवरी को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न होगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों को सपरिवार आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9:00 बजे भव्य कलश यात्रा से होगी। इसके पश्चात प्रातः 11:00 बजे से विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन का आयोजन किया जाएगा। दिनभर श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी एवं विशाल भोजन भंडारा की व्यवस्था रहेगी। सायं 6:00 बजे अतिथि समागम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।
इस पावन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती सरस्वती बंजारे (अध्यक्ष, जिला पंचायत दुर्ग) उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती कीर्ति नायक (अध्यक्ष, जनपद पंचायत पाटन) करेंगी। विशिष्ट अतिथियों में श्रीमती कल्पना नारद साहू (सभापति, जिला पंचायत दुर्ग), श्री भूपेंद्र बघेल (छोटू दाऊ) – बघेल कंस्ट्रक्शन बेलौदी, श्रीमती टिकेश्वरी ठाकुर (सरपंच, ग्राम पंचायत कुम्हली), श्रीमती कविता टिकेंद्र साहू (पूर्व जनपद सदस्य, पाटन) एवं श्री विजय कुमार साहू (उपसरपंच, ग्राम पंचायत कुम्हली) शामिल रहेंगे।
रात्रिकालीन आकर्षण के रूप में छत्तीसगढ़ी रिकार्डिंग सांस्कृतिक कार्यक्रम “रंग संगम” की भव्य प्रस्तुति ग्राम खलारी, तहसील गुण्डरदेही द्वारा दी जाएगी, जो श्रद्धालुओं एवं दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।
इस भव्य आयोजन का आयोजन जय शनिदेव युवक सेवा समिति एवं समस्त ग्रामवासी कुम्हली (भैसबोड़) के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।