तीन राज्यों में लोकतंत्र का महापर्व : 296 सीटों पर मतदान जारी, केरल में सीएम विजयन और अभिनेता मोहनलाल ने डाला वोट

YC न्यूज़ डेस्क | देश के तीन राज्यों असम, केरल और पुडुचेरी में गुरुवार को 296 विधानसभा सीटों के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 5 बजे तक चलेगी। मतदान से पहले सभी केंद्रों पर मॉक पोलिंग कर ईवीएम की जांच की गई। केरल में इस बार चुनाव खास माना जा रहा है, जहां मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं प्रसिद्ध अभिनेता मोहनलाल ने तिरुवनंतपुरम में मतदान कर लोगों से लोकतंत्र में भागीदारी की अपील की।

असम में 126 सीटों पर 41 दलों के 722 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां भाजपा मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश में है। दूसरी ओर पुडुचेरी में पूर्व मुख्यमंत्री एन. रंगासामी पांचवीं बार सत्ता में वापसी का दावा कर रहे हैं।

केरल में 2.71 करोड़ मतदाता 890 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं, जबकि पुडुचेरी में 20 पार्टियों के 294 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। तीनों राज्यों में करीब 10 लाख से अधिक मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान के दौरान कई दिलचस्प दृश्य भी सामने आए। पुडुचेरी के एक मतदान केंद्र पर रोबोट द्वारा मतदाताओं का फूलों से स्वागत किया गया, जो आकर्षण का केंद्र बना रहा। वहीं असम के बरपेटा में सुबह से हो रही तेज बारिश के कारण मतदान की रफ्तार कुछ प्रभावित हुई। केरल में कई प्रमुख नेताओं ने भी मतदान किया। केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी और भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज सहित अन्य नेताओं ने भी मतदान कर जनता से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तीनों राज्यों के मतदाताओं से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से विशेष रूप से लोकतंत्र को मजबूत बनाने में आगे आने का आह्वान किया। कुल मिलाकर तीनों राज्यों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है। चुनाव परिणाम आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि जनता ने किसे सत्ता की कमान सौंपने का फैसला किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *