छत्तीसगढ़ में खाद माफियाओं पर कड़ा शिकंजा ! गड़बड़ी पर सीधे जेल भेजने की चेतावनी,कृषि मंत्री रामविचार नेताम बोले -पश्चिमी एशिया संकट के बावजूद सरकार सतर्क, खरीफ 2026 के लिए खाद की कमी नहीं होगी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में रासायनिक उर्वरकों की कालाबाजारी करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई तय कर दी गई है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि खाद की जमाखोरी या अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित लोगों को सीधे जेल भेजा जाएगा।मंत्री नेताम ने कहा कि पश्चिमी एशिया में चल रहे संकट को देखते हुए रासायनिक उर्वरकों की कमी की आशंका जरूर है, लेकिन राज्य सरकार पूरी तरह सजग है और किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छत्तीसगढ़ में खाद की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।

सरकार जहां एक ओर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है, वहीं दूसरी ओर किसानों को जैविक खेती के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि भविष्य में रासायनिक खाद पर निर्भरता कम हो सके। कृषि मंत्री ने यह बयान आज इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दिया, जिसमें रायपुर और दुर्ग संभाग केअधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में खरीफ 2026 की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिलों में नियमित और आकस्मिक निरीक्षण किए जाएं, ताकि किसी भी स्तर पर अनियमितता सामने आने पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। सरकार का लक्ष्य है कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो और किसी भी तरह की कालाबाजारी पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *