उमरपोटी में महाशिवरात्रि पर सजा भव्य रामायण मेला व लोक महोत्सव, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बोले-छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी लोकसंस्कृति और धार्मिक परंपराएं…

जामगांव आर। शहीद ग्राम उमरपोटी में महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर युवा जागरण मानस समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में दो दिवसीय रामचरित मानस मेला एवं लोक महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से श्रद्धालु एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। समापन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक साहू (पूर्व उपाध्यक्ष, जिला पंचायत दुर्ग) ने की। विशिष्ट अतिथियों में अजय कुमार साहू (जनपद सदस्य पाटन), भेष कुमार आठे (पूर्व सरपंच, बटरेल), रेवाराम साहू (सरपंच, गातापार-उमरपोटी), रमाकांत साहू (सरपंच, आगेसरा), होरीलाल साहू (पूर्व सरपंच, गातापार), देवकरण साहू (ओझागहन), भिरेन्द्र कुमार साहू (पूर्व अध्यक्ष, ग्रामीण साहू समाज उमरपोटी), रेवाराम मंडल (बटरेल) एवं श्यामलाल विश्वकर्मा (उमरपोटी) सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिथियों ने भगवान भोलेनाथ, सियाराम एवं हनुमान जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

समारोह को सम्बोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध लोकसंस्कृति और धार्मिक परंपराओं से है। ऐसे आयोजन समाज में एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक जागरूकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में लोक महोत्सव और रामायण मेले हमारी परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने ग्रामवासियों और आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन, रामायण पाठ एवं लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। समापन अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *