महाशिवरात्रि पर पाटन क्षेत्र के शिव मंदिरों में गूंजा ‘हर-हर महादेव’, सांसद विजय बघेल बोले -“भोले बाबा के आशीर्वाद से क्षेत्र में सुख-समृद्धि”

पाटन । महाशिवरात्रि का पावन पर्व पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने पाटन विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
सांसद बघेल ने पाटन क्षेत्र स्थित श्री सिद्धेश्वर नाथ महादेव मंदिर, श्री महामाया मंदिर तथा ग्राम कौही के अत्यंत प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन कर रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि महाशिवरात्रि भगवान शिव की भक्ति, साधना और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष अवसर है। भोले बाबा के आशीर्वाद से पूरे क्षेत्र का कल्याण हो रहा है।
मंदिर परिसरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष, भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार से वातावरण शिवमय हो गया। सांसद श्री बघेल ने आयोजन समिति के सदस्यों के सेवा भाव की सराहना करते हुए उन्हें सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। पूजा-अर्चना के पश्चात उन्होंने प्रसाद भी ग्रहण किया।

ग्राम कौही स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति कल्पना नारद साहू, सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक, पूर्व मंडल अध्यक्ष लालेश्वर, साहू समाज जिला अध्यक्ष कमलेश साहू, मंडल अध्यक्ष योगेश्वर साहू, मंदिर अध्यक्ष-उपाध्यक्ष ईश्वर यादव, कोषाध्यक्ष हेमलाल साहू, श्रीमती लीना सुरेश साहू, सरपंच कमलेश वर्मा, जनपद उपाध्यक्ष यशवंत साहू, सरपंच लेखराम साहू, पूर्व विधायक निर्मल जैन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समिति पदाधिकारी और शिवभक्त उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *