उतई। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत उतई में नगर उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित भव्य मंडई (मड़ाई) मेला उत्सव मिलन कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर मुख्य रूप से सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ ज्ञानदायिनी सरस्वती के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना कर किया गया। रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत रंगछत्तीसा छत्तीसगढ़ी लोककला मंच, राजनांदगांव द्वारा छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति की अनुपम एवं भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने अपने उद्बोधन में कहा कि मंडई मेला उत्सव मिलन कार्यक्रम में शामिल होकर वे स्वयं को सम्मानित महसूस कर रहे हैं। यह आयोजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और लोकविरासत को संरक्षित एवं संवर्धित करने का महत्वपूर्ण मंच है, जहां समाज एकजुट होकर अपनी परंपराओं को समझने और उसका आनंद लेने का अवसर प्राप्त करता है। उन्होंने आयोजकों एवं प्रतिभागियों को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने का कार्य करते हैं। श्री चंद्राकर ने आगे कहा कि उतई नगर का मंडई मेला दुर्ग जिले का सबसे बड़ा मड़ाई मेला है, जो तीन दिनों तक चलता है। पूर्व समय में यहां पशुओं का विशाल मेला लगता था, जहां से किसान खेती-किसानी के लिए बैल क्रय करते थे। इस प्रकार के आयोजनों से गांव में पारिवारिक एवं सामाजिक एकता बढ़ती है, घर-घर मेहमान आते हैं और बेटी-मायके का मिलन होता है। मड़ाई मेला का गहरा पौराणिक एवं कृषि महत्व है। किसान भाई फसल की मिजाई-कुटाई के पश्चात देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर मड़ाई पर्व मनाते हैं, जिसका पूरे वर्ष बेसब्री से इंतजार रहता है। मेले में लोग अपनी जरूरत का सामान खरीदते हैं और रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेते हैं।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष सरस्वती साहू, उपाध्यक्ष शिवनारायण देशमुख, पार्षद सोनू राजपूत, हूबी राम साहू, लक्ष्मीनारायण साहू, सतीश चंद्राकर, संगीत रजक, सुनीता चंद्राकर, विजय लक्ष्मी साहू, अनिता गढ़े, महामंत्री चंदू देवांगन, रूपेश पारख, ममता चंद्राकर, दानेश्वरी देशमुख, विमला कामड़े, नरेंद्र साहू, कांति साहू, गिरिश शर्मा, सोहन रिगरी, चिंटू सिन्हा सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।