गुरु-शिष्य का रिश्ता शर्मसार : छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार, गैंगरेप के आरोपी की भी गिरफ्तारी

गुरु-शिष्य का रिश्ता शर्मसार : छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार, गैंगरेप के आरोपी की भी गिरफ्तारी

बिलासपुर, 8 जून 2026। जिले में नाबालिगों से जुड़े दो गंभीर मामलों ने सनसनी फैला दी है। तोरवा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहला मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है, जहां एक नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं घटना में शामिल दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम उनकी तलाश में जुटी हुई है। वहीं दूसरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है, जहां एक निजी स्कूल की नाबालिग छात्रा ने अपने ही स्कूल के शिक्षक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले से जुड़े साक्ष्यों और तथ्यों की जांच की जा रही है तथा पीड़िता और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

सिरगिट्टी थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों के मामलों में पुलिस संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल दोनों मामलों की विवेचना जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *