
कांकेर, 8 जून 2026। जिले के चारामा विकासखंड स्थित हराडूला रेत खदान में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ देर रात बड़ी कार्रवाई की गई। भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी ने आधी रात खदान में पहुंचकर छापेमार कार्रवाई की, जिसके दौरान अवैध खनन और परिवहन में लगे 5 हाइवा तथा एक चैन माउंटेन मशीन को जब्त किया गया। जानकारी के अनुसार, विधायक को क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत खनन की शिकायतें मिल रही थीं। देर रात हराडूला रेत खदान में बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन की सूचना मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कथित तौर पर किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने फोन रिसीव नहीं किया।
अधिकारियों से संपर्क नहीं होने पर विधायक स्वयं मौके पर पहुंचीं और खदान की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अवैध खनन में लगे 5 हाइवा और एक चैन माउंटेन मशीन को जब्त कर संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मौके पर विधायक सावित्री मंडावी ने कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र में अवैध रेत खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को निर्देशित किया कि अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक निगरानी और खनन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से रात के समय अवैध रेत खनन जारी है और कई शिकायतों के बावजूद रेत माफिया सक्रिय बने हुए हैं।
फिलहाल जब्त वाहनों और मशीनों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। संबंधित विभाग पूरे मामले की पड़ताल कर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटे हुए हैं। विधायक की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में हड़कंप का माहौल है।