जामगांव आर। समीपस्थ ग्राम बासिंग में संत शिरोमणि गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर मड़ई मिलन समारोह का आयोजन श्रद्धा, आस्था एवं पारंपरिक उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में पूर्व उपाध्यक्ष जिला पंचायत दुर्ग अशोक साहू, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, भेष आठे, कपूर साहू तथा परिक्षेत्र सतनामी समाज अध्यक्ष चंद्रिका बघेल विशेष रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अशोक साहू ने अपने वक्तव्य में कहा कि “गुरु घासीदास जी ने ‘मनखे-मनखे एक समान’ का अमर संदेश देकर समाज को समानता, सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों को अपने जीवन में आत्मसात कर सामाजिक कुरीतियों को दूर करें और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाएं।” उन्होंने मड़ई जैसे पारंपरिक आयोजनों को छत्तीसगढ़ी संस्कृति की आत्मा बताते हुए इनके संरक्षण पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में नरेंद्र नवरंगे, विष्णु डहरे, ठाकुर राम मार्कण्डेय, अमित चतुर्वेदी, नोमेश चंद्राकर, गंगा भारती, दुर्गेश साहू, किशोर कुमार देशलहरे, युवराज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं समाज के लोग उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और गुरु घासीदास जी के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।