दुर्ग/पाटन। बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की ऐतिहासिक जीत से पूरे देश में उत्साह और उल्लास का वातावरण है। इस विजय पर भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने हर्ष व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं के साथ खुशियां मनाईं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर विकास, सुशासन और स्थिरता के पक्ष में एकतरफा जनादेश देकर एनडीए पर अपना अपार विश्वास जताया है।
जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक गठबंधन की जीत नहीं, बल्कि बिहार की मेहनतकश जनता की आकांक्षाओं और बेहतर भविष्य के प्रति उनके विश्वास की जीत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार लगातार विकास का स्वर्णिम अध्याय लिख रहा है। जनता ने एनडीए को निरंतर आगे बढ़ाने का अवसर देकर यह साबित कर दिया है कि राज्य विकास, पारदर्शिता और स्थिर शासन के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” की नीति का प्रत्यक्ष प्रमाण है। बिहार की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अब राज्य भ्रष्टाचारमुक्त शासन, पारदर्शी प्रशासन और युवाओं के लिए नए अवसरों की दिशा में आगे बढ़ चुका है।
जितेन्द्र वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, एनडीए नेतृत्व, भाजपा बिहार संगठन, विजयी प्रत्याशियों और देवतुल्य कार्यकर्ताओं सहित बिहारवासियों को ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार बिहार के सर्वांगीण विकास, रोजगार सृजन, आधारभूत संरचना के विस्तार, कृषि उत्थान, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। उन्होंने कहा कि जनता का दिया प्रत्येक वोट एक जिम्मेदारी है, जिसे एनडीए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएगा।