जामगांव आर | संकुल केंद्र आगेसरा के तत्वावधान में शुक्रवार को एक प्रेरणादायक एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शासकीय विद्यालयों के कक्षा 5वीं, 8वीं एवं 10वीं के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा अन्य विद्यालयों में स्थानांतरित शिक्षकों को विदाई दी गई।
कार्यक्रम में संकुल अंतर्गत 6 प्राथमिक शालाएं, 3 पूर्व माध्यमिक शालाएं एवं 1 हाई स्कूल से आए विद्यार्थियों ने सहभागिता की। शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त 20 छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पालकों की उपस्थिति ने माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया।
मुख्य अतिथि शाला प्रबंधन एवं विकास समिति शासकीय हाई स्कूल आगेसरा के अध्यक्ष विजय सोनी ने छात्रों को लगातार मेहनत करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व माध्यमिक शाला आगेसरा के SMC अध्यक्ष जीवनलाल साहू ने की तथा विशेष अतिथि के रूप में प्राथमिक शाला आगेसरा के SMC अध्यक्ष थानसिंह पटेल उपस्थित रहे, जिन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
इसी अवसर पर स्थानांतरित शिक्षकों झामन लाल सोनवानी, कमल नारायण साहू, चंद्र कुमार सोनी एवं धर्मेंद्र कुमार टंडन को भावभीनी विदाई दी गई,उन्हें शाल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता गिरधर वर्मा ने किया तथा संकुल शैक्षिक समन्वयक टिकेश्वर गजपाल ने उपस्थित सभी शिक्षकगण, पालकगण एवं विद्यार्थियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।