जामगांव आर । शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेज़ी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय, बेल्हारी में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित यह समारोह स्नेह, सम्मान और कृतज्ञता का अद्भुत संगम बना। छात्रों द्वारा विद्यालय परिसर को रंगोली, पुष्पगुच्छ, हार एवं गुब्बारों से आकर्षक रूप से सजाया गया था। कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठों के प्रति आदर और प्रेम व्यक्त करते हुए आयोजन को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इस अवसर पर कक्षा 12वीं के कला, गणित, विज्ञान एवं कॉमर्स संकाय के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में बिताए अपने अनुभव साझा किए। कई विद्यार्थियों की आँखें नम दिखीं तो तालियों की गड़गड़ाहट ने माहौल को भावुक बना दिया।
इस अवसर पर प्राचार्य रीना चौधरी ने अपने संबोधन में कहा, “कक्षा 12वीं के सभी विद्यार्थियों ने विद्यालय को जो गौरव दिया है, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। यह विदाई नहीं, बल्कि आपके जीवन के नए उज्ज्वल अध्याय की शुरुआत है। हम कामना करते हैं कि आप सभी नई ऊँचाइयों को छुएँ और जहाँ भी जाएँ, अपने सेजस विद्यालय बेल्हारी का नाम रोशन करें। जय हिंद।” वरिष्ठ व्याख्याता श्री वाई. के. साहू ने कहा कि विदाई शब्द छोटा जरूर है, पर इसके भीतर भावनाओं का सागर समाया होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, नैतिकता और साहस के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। व्याख्याता के. के. जायसवाल एवं यू. के. पटेल ने भी विद्यार्थियों को जीवन मूल्यों, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति निष्ठा बनाए रखने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में नीता वर्मा, के हेमावती, मुकेश्वरी ध्रुव, गीतांजलि ख़ुटैल, देवेंद्र साहू, चंद्रकला साहू, तोषण लाल साहू, बुधराम साहू, पुष्पेंद्र साहू, अमनदीप सोनी, तुषार कामरे, मेघा साहू, विजय साहू, भूषण लाल ठाकुर,मिथलेश कौशिक सहितविद्यालय के सभी हिंदी एवं अंग्रेज़ी माध्यम के व्याख्याता, शिक्षकगण, कार्यालयीन कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।