‘मृदंग 2026’ में मेधावी छात्रों का सम्मान, सांसद विजय बघेल बोले– युवा शक्ति से बनेगा विकसित और आत्मनिर्भर भारत

पाटन। शासकीय चंदूलाल चंद्राकार स्नातकोत्तर महाविद्यालय पाटन में प्रतिभा सम्मान समारोह ‘मृदंग 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल शामिल हुए। समारोह में शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा बांस से निर्मित कलाकृतियां और नवाचार कार्य केंद्र सरकार की राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों को साकार करने की दिशा में सार्थक प्रयास हैं। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों को कौशल, नवाचार और आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करती है। युवा साथियों के जोश और जज्बे से ही विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा।विशिष्ट अतिथि एवं नगर पंचायत पाटन तथा जनभागीदारी अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो तो सीमित संसाधनों में भी प्रतिभा निखरकर सामने आती है। पाटन महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने निरंतर परिश्रम और समर्पण से शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर यह सिद्ध कर दिया है।

समारोह के दौरान प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, विभिन्न संकायों के टॉपर्स, उत्कृष्ट खिलाड़ियों तथा वार्षिक खेल, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतिभावान विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों ने गर्व व्यक्त किया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्राचार्य डॉ. नंदा गुरवारा, भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, दिलीप साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, मंडल अध्यक्ष रानी केशव बंछोर सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *