पाटन जनपद की सामान्य सभा,जनहित के प्रस्तावों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो तय होगी जिम्मेदारी ! जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक ने पुराने प्रस्तावों पर विभागवार रिपोर्ट माँगा, गैरहाजिर अफसरों को नोटिस

पाटन जनपद की सामान्य सभा,जनहित के प्रस्तावों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो तय होगी जिम्मेदारी ! जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक ने पुराने प्रस्तावों पर विभागवार रिपोर्ट माँगा, गैरहाजिर अफसरों को नोटिस

पाटन। जनपद पंचायत पाटन के सभाकक्ष में बीते सोमवार को आयोजित सामान्य सभा की बैठक में जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक ने अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने पिछली सामान्य सभा में पारित प्रस्तावों पर हुई कार्रवाई की विभागवार जानकारी सदन के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका, रोजगार एवं प्लेसमेंट शिविर तथा बर्तन बैंक जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी संबंधित विभागों से मांगी गई। बर्तन बैंक योजना की समीक्षा के दौरान कीर्ति नायक ने गांवों के चयन, संबंधित मदों से राशि की व्यवस्था तथा स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से राशि स्वीकृति की प्रक्रिया स्पष्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सामान्य सभा में प्रस्ताव पारित होने के बाद उसकी क्रियान्वयन स्थिति सदन के सामने आना आवश्यक है। प्रस्तावों पर समयबद्ध कार्रवाई करना और उसकी प्रगति की जानकारी देना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।

गैरहाजिर अधिकारियों पर सख्ती, कारण बताओ नोटिस के निर्देश

बैठक में पूर्व सूचना के बावजूद अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को लेकर भी जनपद अध्यक्ष ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित अनुपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। वहीं लगातार अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के संबंध में संभाग आयुक्त को पत्राचार कर स्थिति से अवगत कराने के निर्देश जनपद पंचायत को दिए गए।

जनपद अध्यक्ष श्रीमती नायक ने कहा कि सामान्य सभा जनपद पंचायत की महत्वपूर्ण निर्णयकारी व्यवस्था है। जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों पर संबंधित विभागों की उपस्थिति और जवाबदेही आवश्यक है। बैठक में लिए गए निर्णयों पर समयसीमा में कार्रवाई होनी चाहिए और उसकी प्रगति से सदन को नियमित रूप से अवगत कराया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *