आज देवउठनी एकादशी: 118 दिन बाद योगनिद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु, विवाह और गृह प्रवेश के शुभ मुहूर्त शुरू

रायपुर। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी यानी देवउठनी एकादशी का पर्व आज श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है और विवाह, गृह प्रवेश, गृह निर्माण, यज्ञोपवीत तथा देव प्रतिष्ठा जैसे मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है।.देवउठनी एकादशी को प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन घरों और मंदिरों में भगवान विष्णु की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। श्रद्धालु व्रत रखकर श्रीहरि की आराधना करते हैं। इस पर्व की सबसे प्रमुख परंपराओं में तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह शामिल है।

गोधूलि बेला में होगा तुलसी-शालिग्राम विवाह

देवउठनी एकादशी पर तुलसी विवाह कराने की विशेष धार्मिक परंपरा है। मान्यता है कि इस दिन गोधूलि बेला में तुलसी माता और भगवान शालिग्राम का विवाह विधि-विधान से कराने पर घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। इस अवसर पर तुलसी के पौधे को दुल्हन की तरह सजाया जाता है और भगवान शालिग्राम को वर के रूप में विराजित किया जाता है। इस बार रवियोग के साथ गोधूलि और प्रदोष काल का संयोग भी बन रहा है।

118 दिन बाद समाप्त होगा चातुर्मास

धार्मिक मान्यता के अनुसार, 25 जुलाई को देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले गए थे। इसके साथ ही चातुर्मास की शुरुआत हुई थी। अब 118 दिन बाद देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के साथ चातुर्मास समाप्त होगा।.मान्यता है कि भगवान विष्णु के योगनिद्रा में रहने के दौरान सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान शिव संभालते हैं। श्रीहरि के जागने के बाद दोबारा सृष्टि के संचालन की जिम्मेदारी उनके हाथों में आ जाती है। इसी कारण देवउठनी एकादशी के बाद विवाह और अन्य मांगलिक आयोजनों की शुरुआत शुभ मानी जाती है।

घर पर ऐसे करें तुलसी-शालिग्राम विवाह

देवउठनी एकादशी पर श्रद्धालु घर में भी तुलसी विवाह का आयोजन कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले पूजा स्थल पर चौकी रखकर लाल कपड़ा बिछाएं और तुलसी का पौधा स्थापित करें। दूसरी चौकी पर भगवान शालिग्राम को विराजित करें। तुलसी के पौधे के ऊपर गन्ने से मंडप तैयार कर कलश स्थापित करें और दीपक जलाएं। इसके बाद तुलसी माता को लाल चुनरी, चूड़ियां, बिंदी और सुहाग की सामग्री अर्पित करें। भगवान शालिग्राम और तुलसी माता को मिठाई का भोग लगाकर विधि-विधान से पूजा और आरती करें। विवाह की रस्म पूरी होने के बाद दोनों की परिक्रमा करें। इस दौरान ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र का जाप किया जा सकता है। अंत में भगवान से जाने-अनजाने में हुई भूलों के लिए क्षमा प्रार्थना करें।

देवउठनी एकादशी पर रायपुर जिले में स्थानीय अवकाश

देवउठनी एकादशी के अवसर पर रायपुर जिले में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने रायपुर शहर और नवा रायपुर स्थित शासकीय कार्यालयों के लिए अवकाश की घोषणा की है। वहीं, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिले के अन्य क्षेत्रों के शासकीय कार्यालयों और संस्थाओं के लिए भी अवकाश का आदेश जारी किया है।

यह अवकाश मंत्रालय, नवा रायपुर सहित रायपुर शहर और जिले के अन्य शासकीय कार्यालयों एवं संस्थाओं पर लागू होगा। हालांकि, बैंक, कोषालय और उपकोषालय इस स्थानीय अवकाश के दायरे से बाहर रहेंगे। इनकी सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *