“धरती के लिए एक दिन नहीं, एक संकल्प बनाएं!”
YC न्यूज़ डेस्क । आज विश्व पृथ्वी दिवस है – एक ऐसा दिन जो हमें न सिर्फ धरती के महत्व का एहसास कराता है, बल्कि उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी सौंपता है। “माता भूमि पुत्रोहं पृथिव्या” — यह मंत्र हमें स्मरण कराता है कि धरती केवल संसाधनों का भंडार नहीं, बल्कि हमारी जीवनदायिनी माता है। हमारी पृथ्वी केवल एक ग्रह नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। हर पेड़, हर बूंद पानी, हर जीव – सब हमारी सांसों से जुड़े हैं,लेकिन आधुनिक जीवनशैली ने इस संतुलन को बिगाड़ दिया है। बढ़ते प्रदूषण, पेड़ पौधों की कटाई, जल की बर्बादी और प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग हमारे भविष्य पर प्रश्नचिह्न लगा रहे हैं।
आज विश्व पृथ्वी दिवस पर हमें आत्ममंथन करना चाहिए कि हम अपनी जन्मभूमि इस माता के लिए क्या कर रहे हैं। वह बिना कहे हमें जल, अन्न, वायु और जीवन देती है, लेकिन हम उसे बदले में प्रदूषण, कटाव और उपेक्षा दे रहे हैं। यदि हम वास्तव में पुत्र हैं, तो कर्तव्य निभाना भी हमारा धर्म है। आइए, आज से संकल्प लें कि पृथ्वी की रक्षा में अपना योगदान जरूर देंगे — चाहे छोटा ही क्यों न हो। वृक्षारोपण करें, प्लास्टिक का प्रयोग कम करें, जल और ऊर्जा की बचत करें। ये छोटे-छोटे प्रयास मिलकर एक बड़ा बदलाव ला सकते हैं। आइए, हम सब मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए एक हरित, स्वच्छ और सुरक्षित धरती की ओर कदम बढ़ाएं। धरती मैया सबका कल्याण करें ।