
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए देश के राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। इस सूची में छत्तीसगढ़ से जुड़े गोमती साय और सौरभ सिंह को भी दूसरे राज्यों की संगठनात्मक जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा की जारी सूची के अनुसार पत्थलगांव विधायक गोमती साय को गुजरात का सह-प्रभारी बनाया गया है। गुजरात में तरुण चुघ प्रभारी होंगे, जबकि गोमती साय और अजय महावर सह-प्रभारी की भूमिका निभाएंगे। वहीं अकलतरा के पूर्व विधायक सौरभ सिंह को झारखंड का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। झारखंड में गजेंद्र पटेल प्रभारी तथा सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह सह-प्रभारी होंगे।
छत्तीसगढ़ में बदली संगठन की टीम
भाजपा ने छत्तीसगढ़ के लिए भी नई संगठनात्मक टीम घोषित की है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रभारी तथा सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी बनाया गया है। ये नियुक्तियां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा की गई व्यापक संगठनात्मक नियुक्तियों का हिस्सा हैं और तत्काल प्रभाव से लागू होने की जानकारी दी गई है स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ के साथ हरियाणा का भी प्रभारी बनाया गया है। वहीं सिद्धार्थ शंभू को छत्तीसगढ़ की संगठनात्मक जिम्मेदारी दी गई है।
गोमती साय का गुजरात में नया दायित्व
गोमती साय वर्तमान में पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। इससे पहले वे रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद भी रह चुकी हैं। भाजपा संगठन में उन्हें अब छत्तीसगढ़ से बाहर गुजरात की जिम्मेदारी मिली है।
सौरभ सिंह को झारखंड की जिम्मेदारी
अकलतरा के पूर्व विधायक सौरभ सिंह को भी पहली बार छत्तीसगढ़ से बाहर पार्टी संगठन में सह-प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है। वे झारखंड में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में भूमिका निभाएंगे।
CM विष्णुदेव साय ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू को छत्तीसगढ़ की नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने स्मृति ईरानी के राष्ट्रीय अनुभव और संगठनात्मक भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में संगठनात्मक कार्यों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने सिद्धार्थ शंभू को भी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस संगठनात्मक फेरबदल में छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को गुजरात और झारखंड में जिम्मेदारी मिलना, जबकि प्रदेश में स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू की नई टीम का गठन होना प्रमुख बदलावों में शामिल है।