कबीर आश्रम सेलूद में संत समागम, संतों की वाणी से गूंजा पाटन : उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने 25 लाख की घोषणा की और कहा- संत समाज ही देश का सच्चा मार्गदर्शक

पाटन। कबीर आश्रम सेलूद में दो दिवसीय संत समागम एवं भंडारे का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें देशभर से संतों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। समागम का समापन रविवार को साहित्य वेदांताचार्य सुकृत शास्त्री साहेब के सानिध्य में सात्विक यज्ञ, चौका और आरती के साथ हुआ। अपने उद्बोधन में शास्त्री साहेब ने कहा कि भारतवर्ष संत परंपरा की महान भूमि रही है। यहां समय-समय पर संत-महापुरुषों का जन्म हुआ है, जिन्होंने समाज को दिशा देने का कार्य किया। कबीर साहेब के अवतरण की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि संत अपने लिए नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए जीते हैं। उन्होंने कहा कि मनुष्य का सबसे बड़ा धन उसका आचरण होता है। यदि व्यक्ति काम, क्रोध और लोभ को त्यागकर आत्म-जागरूकता, धर्म और सद्गुरु की शरण अपनाए, तो आत्मिक उन्नति और मुक्ति संभव है।

समारोह के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि संत समाज ही देश के सच्चे मार्गदर्शक और पथप्रदर्शक होते हैं। कबीर साहेब की वाणी आज के समय में भी अत्यंत प्रासंगिक है। समाज को एकजुट होकर उनके विचारों को आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने आश्रम की मांग पर शेड निर्माण हेतु 25 लाख रुपये की घोषणा की।

◆ सन्त कबीर की वाणी में जीवन जीने की कला निहित-विजय बघेल

सांसद विजय बघेल ने संत कबीर की वाणी को समय से परे बताया और कहा कि उनकी साखियाँ आज भी उतनी ही प्रेरणादायक हैं जितनी 800 साल पहले थीं। उन्होंने कहा कि कबीर साहेब की वाणी जीवन जीने की कला सिखाती है।

◆ जीवन मे सात्विकता और पवित्रता जरूरी-परमेश्वर साहेब

छोटे महंत परमेश्वर साहेब ने संत जीवन की सात्विकता और पवित्रता पर बल देते हुए कहा कि कबीर पंथ में वही सच्चा अनुयायी है जो आचरण में पवित्र हो, भले ही वह किसी भी पंथ को माने। उन्होंने समाज में बढ़ते नैतिक पतन और महिलाओं की असुरक्षा पर चिंता जताई।

◆ समाज को संस्कारों की ज्यादा जरूरत-टहल सिंह

प्रदेश साहू संघ अध्यक्ष टहल सिंह साहू ने कहा कि आज समाज को सबसे अधिक जरूरत संस्कारों की है, और इसके लिए कबीर साहेब के मार्ग पर चलना अत्यंत आवश्यक है।

समागम में छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से संत और श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। आश्रम की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी छोटे महंत परमेश्वर साहेब ने दी। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन भूपत साहेब ने किया। इस अवसर पर श्रीराम साहेब, रमेश साहू, बीडी साहू, दिनेश साहू, दीकेंद्र हिरवानी, खेमलाल साहू, किशन हिरवानी, संत हीतु साहेब, संत हीरा साहेब, सुखनंदन साहेब, भेलसिंग, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, नगर पंचायत पाटन अध्यक्ष योगेश निक्की भाले,नारद साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *