
जामगांव आर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओदरागहन में चित्रकला, भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राचार्य हेमलता भाटिया के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने जल संरक्षण, डिजिटल इंडिया, विकसित भारत, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रीय विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. दयाराम साहू, पूर्व विधायक ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर शाला विकास समिति के अध्यक्ष महेश कुमार गंजीर, सदस्यगण एवं उपाध्यक्ष राधेश्याम साहू । विद्यालय परिवार एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की प्रभारी ममता राजपूत द्वारा अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भाषण के माध्यम से डिजिटल भारत, विकसित भारत, स्वच्छ भारत मिशन, जल संरक्षण सहित विभिन्न समसामयिक एवं सामाजिक विषयों पर विचार प्रस्तुत किए। वहीं चित्रकला के माध्यम से सामाजिक एवं राष्ट्रीय विषयों को रचनात्मक अभिव्यक्ति दी गई। विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई रंगोलियों ने भी उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।चित्रकला प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक एवं राष्ट्रीय विषयों को अपनी कल्पनाशीलता के जरिए जीवंत किया। वहीं बच्चों द्वारा बनाई गई गौ-रंगोली के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं विकसित भारत की भावना को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायल डॉ. दयाराम साहू ने कहा कि विद्यार्थियों में केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण की भावना का विकास भी आवश्यक है। सेवा संकल्प अभियान जैसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा के माध्यम से समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी समझने का अवसर देते हैं। एसएमसी अध्यक्ष महेश कुमार गंजीर ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के भारत का निर्माण करेंगे, इसलिए उनमें जिम्मेदारी, अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करना हम सभी का दायित्व है। इस अवसर पर एसएमसी सदस्यगण, शिक्षक एवं छात्र समुदाय उपस्थित रहे।