पाटन। स्वामी आत्मानंद ऑडिटोरियम परिसर, पाटन (जिला दुर्ग) में 25वीं शालेय राज्य स्तरीय भारोत्तोलन एवं फेंसिंग प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। जिला प्रशासन एवं शालेय शिक्षा विभाग, दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी तनवीर अकिल हैं। समारोह के मुख्य अतिथि दुर्ग सांसद विजय बघेल थे, कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा ने की। विशिष्ट अतिथियों में नीलम राजेश चंद्राकर (सभापति, जिला पंचायत), कल्पना साहू, कीर्ति नायक (अध्यक्ष, जनपद पंचायत पाटन), योगेश निक्की भाले (अध्यक्ष, नगर पंचायत पाटन) सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और राजकीय गीत के माध्यम से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, संचालन सनत साहू ने किया।
समारोह में सांसद विजय बघेल ने कहा—“मैं भी कभी आप सबकी तरह दरी पर बैठा करता था। आज यहां भाषण देने नहीं, बल्कि दिल से बात करने आया हूं। खिलाड़ी जीवन की चुनौतियों को अवसर समझकर आगे बढ़ें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में खेलों के लिए बजट लगातार बढ़ रहा है और खिलाड़ियों को देश-विदेश तक पहुँचने के अवसर मिल रहे हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि पाटन में यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता उनके प्रयासों और निर्देशों पर हो रही है, जिससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।
भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा ने कहा कि खिलाड़ी आज अभिनय, नेतृत्व और देश सेवा के हर क्षेत्र में अग्रणी हैं। जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक ने कहा कि पाटनवासियों के लिए यह गर्व का विषय है कि उनके क्षेत्र से एक खिलाड़ी सांसद बने हैं। नोडल अधिकारी तनवीर अकिल ने जिला प्रशासन की ओर से सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सकीला देवदास (जिला क्रीड़ा प्रभारी), हिमांशु साहू, हेमंत बघेल (आवास प्रभारी), रानी केशव बंछोर, कमलेश चंद्राकर, राजा पाठक, बाबा वर्मा, धर्मेंद्र सिन्हा, ज्योति प्रकाश साहू सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा ।