रायपुर। प्रदेश भर के शिक्षकों ने युक्तियुक्तकरण नीति के विरोध में बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित मंत्रालय का घेराव किया। यह प्रदर्शन सर्व शिक्षक साझा मंच के बैनर तले हुआ, जिसमें प्रदेश के 23 शिक्षक संगठन एकजुट होकर शामिल हुए।
प्रदर्शनकारी शिक्षकों का कहना है कि राज्य सरकार द्वारा लागू की जा रही युक्तियुक्तकरण नीति उनके हितों के खिलाफ है और इससे न केवल शिक्षकों को असुविधा होगी, बल्कि छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित होगी।
शिक्षक संगठनों की शिक्षा सचिव के साथ वार्ता विफल रही, जिसके बाद संगठनों ने आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर समाधान नहीं निकला, तो 31 मई से संभागवार क्रमिक धरना शुरू किया जाएगा।
इस क्रमिक आंदोलन की शुरुआत रायपुर से होगी, इसके बाद दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर और अंत में सरगुजा संभाग में चरणबद्ध धरने होंगे।