
जामगांव आर । भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम YUVIKA 2026-27 में सेजस जामगांव आर की होनहार छात्रा अमीषा निषाद ने जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। अमीषा, पिता उमेश कुमार निषाद, दस दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्राप्त कर 25 मई 2026 को आंध्रप्रदेश स्थित श्रीहरिकोटा वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्र से वापस लौटीं।
गौरतलब है कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ से केवल 13 विद्यार्थियों का चयन हुआ था, जिसमें दुर्ग जिले से पाटन ब्लॉक के ग्राम बेल्हारी निवासी अमीषा निषाद एकमात्र चयनित छात्रा रहीं। यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।अमीषा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें सतीश धवन स्पेस सेंटर में वैज्ञानिकों के साथ कार्य करने, विभिन्न वैज्ञानिक प्रोजेक्ट्स और प्रैक्टिकल्स को समझने का अवसर मिला। साथ ही उन्होंने गगन यात्री श्री शुभांशु शुक्ला से संवाद कर अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्राप्त कीं।
इस उपलब्धि पर दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह एवं जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने अमीषा निषाद को सम्मान चिन्ह और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डीपीसी रश्मि नाथ, सेजस जामगांव आर की प्राचार्य कविता साहू एवं गाइड टीचर विनीता सुधीर भी उपस्थित रहीं। सभी ने अमीषा के प्रयासों की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा गाइड टीचर विनीता सुधीर के मार्गदर्शन की प्रशंसा की। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों ने अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किए। ISRO द्वारा विद्यार्थियों को उपयोगी शैक्षणिक सामग्री भी प्रदान की गई, जिससे वे अपने भविष्य को और बेहतर दिशा दे सकें।