जामगांव आर । दक्षिण पाटन के अंतिम छोर के ग्राम आगेसरा में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल वृंदादेवी मंदिर में नवरात्र के पावन अवसर पर भारी श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। मंदिर प्रांगण में देवी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा और भक्तों ने अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति हेतु 180 ज्योति कलश प्रज्वलित किए।
क्वांर नवरात्र 2025 के दौरान महाअष्टमी पर मंदिर परिसर में भाव भंडारा और हवन पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस भंडारा में लगभग 3000 श्रद्धालुओं ने माता रानी का प्रसाद ग्रहण किया। आगेसरा में स्थित मां वृंदादेवी धाम एक प्राचीन धरोहर है, जिसका भाव आसन 1984 में स्थापित हुआ था और 2025 में जीर्णोद्धार कर इसे श्रद्धालुओं के सहयोग से पुनः स्थापित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत दुर्ग की सभापति कल्पना नारद साहू उपस्थित रहीं उन्होंने माता दरबार मे माथा टेककर आशीष लेते हुए कहा, “मेरी पढ़ाई इसी ग्राम आगेसरा में छठवीं से आठवीं तक हुई। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मुझे इस ग्राम को मां वृंदादेवी की असीम कृपा से देख पाने का अवसर मिला।”
कार्यक्रम में नारद साहू (अध्यक्ष भाजयुमो दक्षिण पाटन), रमाकांत साहू (सरपंच आगेसरा), सरजूराम साहू, तीरथ पटेल, जसवंत साहू, भानुप्रताप साहू,अभिषेक सेन,कमलेश यादव सहित अन्य गणमान्य क्षेत्रवासियों और ग्रामवासियों ने भाग लिया।