रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दूरदर्शी नेतृत्व और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी की पहल पर नवा रायपुर के अटल नगर में देश का पहला अत्याधुनिक स्मार्ट पंजीयन कार्यालय शुरू हो गया। इस ऐतिहासिक अवसर का शुभारंभ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया। उनके साथ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर रायपुर की वीणा देवांगन ने प्रदेश की पहली स्मार्ट सेल डीड कराई। उनकी रजिस्ट्री को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की मौजूदगी में कैशलेस भुगतान के साथ प्रदर्शित किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे सुशासन और नागरिक सुविधा के नए युग की शुरुआत बताते हुए कहा –स्मार्ट पंजीयन कार्यालय नागरिक सुविधाओं को सुगम बनाने और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है।।उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने भी इसे पूरे देश के लिए नया मॉडल बताते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को बधाई दी। वित्त मंत्री चौधरी ने कहा –नागरिक सेवाएँ हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। स्मार्ट पंजीयन कार्यालय सुशासन और पारदर्शिता का प्रतीक बनकर छत्तीसगढ़ को पूरे देश में अग्रणी बनाएंगे।
नागरिक सुविधा की नई मिसाल
पीपीपी मॉडल पर आधारित यह स्मार्ट पंजीयन कार्यालय नागरिक सेवाओं में पारदर्शिता, गति और आधुनिकता का नया अध्याय खोलेगा। यहाँ मात्र 12 से 15 मिनट में मकान, दुकान या जमीन की रजिस्ट्री पासपोर्ट और एयरपोर्ट कार्यालय जैसे माहौल में पूरी की जा सकेगी।
कार्यालय में अत्याधुनिक वातानुकूलित परिसर, फ्री वाई-फाई, मोबाइल चार्जिंग स्टेशन, क्यू-मैनेजमेंट सिस्टम, डिजिटल डिस्प्ले, हेल्पडेस्क, स्वच्छ पेयजल और एयरपोर्ट-स्टाइल वाशरूम जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।
लक्ष्य – 117 कार्यालय होंगे स्मार्ट
प्रदेश सरकार का लक्ष्य अगले एक वर्ष में सभी 117 पंजीयन कार्यालयों को इसी तर्ज पर विकसित करना है। पहले चरण में 10 कार्यालयों का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें नवा रायपुर का कार्यालय सबसे पहले तैयार हो गया।