भिलाई। न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर द्वारा नेहरू भवन, सुपेला में ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल गुप्ता सहित पत्रकारों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर सांसद का स्वागत किया। इस अवसर पर अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने प्रेस क्लब की ओर से मांग-पत्र भी सांसद को सौंपा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने अपने कार्यकाल के तीन वर्षों की उपलब्धियों और क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की घटनाओं और जनसमस्याओं को तथ्यों एवं साक्ष्यों के साथ समाज के सामने रखने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। पत्रकारों के बीच आकर संवाद करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
सांसद ने कहा कि दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्र शामिल हैं तथा चार नगर निगम आते हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भिलाई क्षेत्र में श्रमिकों की सुविधाओं, रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी कार्य हुए हैं। श्रमिकों के लिए अस्पताल की सुविधा, केंद्रीय विद्यालय और नवोदय विद्यालय जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को आगे बढ़ाया गया है। चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल की सीटों में वृद्धि के लिए केंद्रीय स्तर पर प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप सीटों की संख्या बढ़ी है।
जल संरक्षण पर जोर देते हुए सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘जल ही जीवन है’ संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। आने वाले समय में पानी की समस्या गंभीर हो सकती है, इसलिए प्रत्येक परिवार को अपने आवास के साथ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि नगर निगम में वाटर हार्वेस्टिंग से संबंधित कार्यों के लिए राशि उपलब्ध है।
उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों को पर्यावरण और जल संरक्षण से जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। सांसद ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनका प्रयास है कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लेकर शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जाते रहें। उन्होंने क्षेत्र के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित खेल गतिविधियों में बड़ी संख्या में हुए पंजीयन की जानकारी दी। सांसद मेला-मड़ई जैसे आयोजनों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं और संस्कृति को मंच देने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
सांसद ने कहा कि दिल्ली में वे क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े दस्तावेजों को संबंधित मंत्रालयों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास करते हैं। रेलवे यात्रियों की समस्याओं के समाधान के लिए भी वे लगातार संबंधित स्तर पर विषय उठाते रहे हैं। कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल गुप्ता, दिलीप वर्मा, सुनील चौहान, यदुनंदन पंडा, जय प्रकाश आर्य, जोगिंदर सिंह, गौकरण निषाद, दिनेश चौहान, के. मोहन राव, गोपाल देवांगन, पी. मोहन, सर्वेश सिंह, सुरेंद्र ठाकुर, राजकुमार आर्य, योगेश शर्मा, पूर्णनेन्द्र सिन्हा, सोनू यादव सहित पत्रकारगण उपस्थित रहे।
Hashtags:
#VijayBaghel, #DurgMP, #Bhilai, #PressMeet, #PressClub, #Chhattisgarh, #Durg, #Development, #WaterConservation, #WaterHarvesting, #Environment, #Education, #Health, #Employment, #Railway, #Sports, #Journalism, #PublicIssues, #BhilaiNews, #ChhattisgarhNews,