रायपुर, 4 अक्टूबर 2025। राजधानी रायपुर का सियासी माहौल शनिवार को अचानक गर्मा गया। एक ओर जहां देश के गृहमंत्री अमित शाह बस्तर दौरे पर पहुंचे हुए हैं, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री और वरिष्ठ आदिवासी नेता ननकीराम कंवर को रायपुर पुलिस ने नजरबंद कर दिया।जानकारी के अनुसार, श्री कंवर कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत को हटाने की मांग को लेकर आज सीएम हाउस के सामने धरना देने वाले थे। लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें एम्स के पास रोककर गहोई भवन में नजरबंद कर दिया। बताया जा रहा है कि कंवर ने गेट कूदकर बाहर निकलने की भी कोशिश की।
कंवर का आरोप :
ननकीराम कंवर ने मीडिया से चर्चा में कहा— “अगर यही रवैया रहा तो अगली बार भाजपा की सरकार नहीं बनेगी।”
उन्होंने कलेक्टर पर 14 बिंदुओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए तत्काल जिले से हटाने की मांग की थी।
मुख्यमंत्री साय का रुख :
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पहले ही शिकायतों की जांच का आश्वासन दिया था, लेकिन कलेक्टर को हटाए जाने की मांग पूरी न होने से कंवर नाराज होकर शुक्रवार शाम रायपुर रवाना हो गए थे।
जांच को लेकर संभागायुक्त का बयान :
धरने से पहले शासन ने बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन से जांच कर रिपोर्ट मांगी थी। हालांकि मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा— “हमें शासन की ओर से अभी तक कोई लिखित आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। आदेश मिलते ही जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।” वहीं सूत्रों का कहना है कि शासन ने जांच आदेश जारी कर दिए हैं और रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।