कोरबा, 29 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक शादी की खुशी उस वक्त हिंसा में बदल गई, जब बारात के दौरान रास्ता मांगने पर विवाद इतना बढ़ गया कि बारातियों ने बीच सड़क पर ही तीन लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना कटघोरा थाना क्षेत्र की है, जहां मंगलवार देर रात अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, अग्रसेन भवन से बारात निकल रही थी। जय स्तंभ चौक के पास नरेंद्र ज्वेलर्स के सामने भारी भीड़ और जाम की स्थिति बन गई। इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे बाइक सवार दाऊद अली और दानिश अली बारात के बीच से निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी बारातियों से उनकी कहासुनी हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। बारातियों ने दोनों भाइयों पर हाथ-मुक्कों के साथ ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और माथे पर गंभीर चोटें आईं। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें करीब 8 टांके लगाए गए।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रक चालक पिंटू गुप्ता को भी बारातियों ने नहीं छोड़ा और उसके साथ भी मारपीट की, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों का इलाज जारी है। पीड़ितों की शिकायत पर कटघोरा पुलिस ने आरोपी बाराती अमित मित्तल, नितेश मित्तल समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।