पाटन। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन में नसबंदी पखवाड़ा थियेटर का शुभारंभ शुक्रवार को नगर पंचायत पाटन के अध्यक्ष योगेश निक्की भाले के करकमलों से संपन्न हुआ। यह विशेष अभियान 11 जुलाई से 18 जुलाई 2025 तक चलेगा, जिसका उद्देश्य जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जनजागरूकता फैलाना एवं नसबंदी जैसे स्थायी उपायों को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष निशा सोनी, सभापति केवलचंद देवांगन, पार्षदगण चंदप्रकाश देवांगन, लोकेश पटेल सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन के समस्त चिकित्सक, स्टाफ एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
उद्घाटन के दौरान वक्ताओं ने बताया कि जनसंख्या नियंत्रण न सिर्फ व्यक्तिगत बल्कि सामाजिक व राष्ट्रीय हित में भी आवश्यक है। इस पखवाड़े के माध्यम से क्षेत्र के नागरिकों को नसबंदी के सुरक्षित और सरल उपायों की जानकारी दी जाएगी, साथ ही उन्हें इसके लाभों के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ द्वारा थियेटर की रूपरेखा, उपलब्ध सुविधाएं एवं परामर्श सेवाओं की जानकारी दी गई। अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में ऐसे जनहितकारी अभियानों की भूमिका महत्वपूर्ण है। पाटन क्षेत्र में इस अभियान का सफल संचालन प्रशासन की प्राथमिकता है।