पाटन/दुर्ग। स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे दक्षिण पाटन क्षेत्र के जामगांव (आर) में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) स्थापित करने की मांग एक बार फिर ज़ोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में जिपं सभापति कल्पना नारद साहू ने शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, दुर्ग को औपचारिक पत्र भेजकर जामगांव (आर) में CHC की स्थापना के लिए स्वीकृति व आवश्यक कार्यवाही की मांग की है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि जामगांव (आर), तहसील पाटन, जिला दुर्ग अंतर्गत एक प्रमुख एवं विस्तारशील ग्राम पंचायत है, जो क्षेत्रीय, भौगोलिक एवं जनसंख्या की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस क्षेत्र में आस-पास के 50 से अधिक ग्रामों की आबादी निर्भर है। लेकिन यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र न होने के कारण लोगों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।
श्रीमती साहू ने पत्र में बताया कि पूर्व में भी वर्ष 2017 में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार हेतु जामगांव (आर) में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भेजा गया था, किंतु अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है।पत्र के अनुसार, जामगांव (आर) में चारों ओर बसे गांव के नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं लेने दूर जाना पड़ता है, जिससे मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता। साथ ही यह क्षेत्र जनसंख्यात्मक, भौगोलिक एवं प्रशासनिक दृष्टि से भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की पात्रता रखता है,इस संबंध में प्रशासनिक पहल बेहद आवश्यक है ।