संस्कार पब्लिक स्कूल के प्रतिभावान विद्यार्थियों का खेलों में परचम : क्रिकेट व योगा में जिला स्तर पर चयन, तीरंदाजी में संभाग स्तर तक पहुंचा सफर


पाटन। संस्कार पब्लिक स्कूल, आमालोरी गाड़ाडीह के विद्यार्थियों ने एक बार फिर खेल जगत में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन कर विद्यालय, अभिभावकों और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। गुरुवार को आयोजित स्कूल गेम्स ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं में विद्यालय के कई छात्रों का चयन जिला और संभाग स्तर के लिए हुआ। ब्लॉक स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए आयुष कुमार यदु, जिज्ञांसु कुमार यदु, कुणाल कुमार वर्मा, जय चंद्राकर, पुष्कल चंद्राकर, निधीश देवांगन, करण साहू एवं साकेत मोवार्स का चयन जिला स्तरीय टीम के लिए हुआ। विद्यार्थियों की मेहनत और अनुशासन ने उन्हें यह उपलब्धि दिलाई है।

वहीं, ब्लॉक स्तरीय योगा प्रतियोगिता में भी विद्यालय ने अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई। कुमकुम वर्मा, कुणाल वर्मा एवं पुष्कल चंद्राकर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिला स्तर पर अपनी जगह बनाई है। इसके साथ ही जिला स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने नया इतिहास रचते हुए संभाग स्तर तक अपनी योग्यता सिद्ध की। तेजल वर्मा, पूर्वा चंद्राकर, राशि चंद्राकर, राघवेन्द्र यदु एवं मुरली सिंह राजपूत का चयन संभागीय स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता हेतु हुआ है।

विद्यालय की प्राचार्या अर्चना शुक्ला ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि, “यह संस्कार पब्लिक स्कूल के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है। विद्यार्थियों ने अनुशासन, समर्पण और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं समस्त विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और आगे की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *